मुंबई इंडियंस (MI) के बैटर सूर्यकुमार यादव इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में टीम के लिए खेलने के लिए तैयार हैं। फिटनेस प्रॉब्लम के कारण सूर्या शुरुआती तीन मैच नहीं खेल सके थे। सूर्या ने इसी साल जनवरी में जर्मनी में ग्रोइन की सर्जरी कराई थी। सूर्या ने दूसरी बार ग्रोइन इंजरी की सर्जरी कराई। इसके बाद वे बेंगलुरु स्थित NCA में रिहैब से गुजर रहे थे। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) ने सूर्यकुमार यादव को फिट बताया है। अब वह IPL 2024 के लिए 5 अप्रैल को मुंबई इंडियंस की टीम से जुड़ जाएंगे। हालांकि, मुंबई की तरफ से अब तक इसके बारे में कोई बयान नहीं आया है।
मुंबई अपना अगला मुकाबला 7 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वानखेड़े में खेलेगी। इस सीजन में मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम नए कप्तान हार्दिक पंड्या के नेतृत्व में लगातार तीन मैच हार चुकी है।
सूर्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ दिसंबर 2023 में में खेले गए टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। उनके ग्राउंड से बाहर जाने के बाद उप कप्तान रवींद्र जडेजा ने टीम की कप्तानी संभाली थी, तब से वे मैदान से दूर थे।