श्रीलंका के अंडर-19 के कप्तान रह चुके पूर्व क्रिकेटर धम्मिका निरोशन की मंगलवार रात को अंबालांगोडा स्थित उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय पुलिस ने पुष्टि की है कि एक अज्ञात हमलावर ने निरोशन के घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी, तब वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ थे।
यह घटना बीते मंगलवार 16 जुलाई धम्मिका निरोशन के अंबालांगोडा स्थित उनके घर पर हुई। अंबालांगोडा पुलिस फिलहाल अपराधी को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं और मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी 12 बोर की बंदूक के साथ आया था।
41 साल के निरोशन ने अंडर-19 स्तर पर श्रीलंका प्रतिनिधित्व किया, उन्होंने 2000 में सिंगापुर के खिलाफ अपना डेब्यू मैच खेला। उन्होंने दो साल तक अंडर-19 टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेला। निरोशन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और दाएं हाथ के बैटर थे। 2002 अंडर 19 वर्ल्ड कप में निरोशन ने 5 पारियों में 19.28 के एवरेज से 7 विकेट झटके थे।
श्रीलंका की तमाम लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जब यह घटना हुई तब पूर्व क्रिकेटर घर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मौजूद थे। कथित तौर पर जिस व्यक्ति ने पूर्व श्रीलंकाई कप्तान को मारा, उसने 12 बोर की बंदूक का इस्तेमाल किया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि धम्मिका निरोशन पर गोली क्यों चलाई गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।