92p7c3mo vaibhav suryavanshi 625x300 24 April 25
92p7c3mo vaibhav suryavanshi 625x300 24 April 25

नई दिल्ली, 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के शतक की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 8 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान ने 2 विकेट के नुकसान पर 16वें ओवर में ही 210 रन का टारगेट हासिल कर लिया। पहले बैटिंग करते हुए GT ने 4 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे।

सोमवार को रिकार्ड्स का दिन वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा। वे IPL और टी-20 में फिफ्टी और सेंचुरी लगाने वाले सबसे युवा प्लेयर बने। वैभव ने 35 गेंद पर शतक लगाया, यह IPL में किसी भारतीय खिलाड़ी का सबसे कम गेंदों पर शतक है। उन्होंने IPL में सेकेंड फास्टेस्ट सेंचुरी लगाई और यशस्वी के साथ राजस्थान के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी की।

वैभव सूर्यवंशी ने IPL में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया। उन्होंने मात्र 35 बॉल पर राशिद खान को सिक्स लगाकर अपना शतक पूरा किया। वैभव से पहले क्रिस गेल ने 2013 में पुणे वारियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था, जो आज तक का सबसे तेज शतक है। वैभव IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय भी बने। उनके बाद यूसुफ पठान का नंबर आता है जिन्होंने 2010 में मुंबई के खिलाफ 37 बॉल पर शतक लगाया था।

वैभव टी-20 में शतक लगाने वाले यंगेस्ट बैटर

टी-20 क्रिकेट में अब तक के सबसे युवा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 बॉल में शतक पूरा किया। इसके बाद, विजय जोल ने 18 साल 118 दिन में महाराष्ट्र के लिए मुंबई के खिलाफ 2013 में शतक लगाया था।

वैभव-यशस्वी ने राजस्थान के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की

वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। दोनों ने मिलकर गुजरात टाइटंस के खिलाफ 166 रन की साझेदारी की जो अब तक की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। इससे पहले, देवदत्त पडिक्कल और जोस बटलर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 155 रन की साझेदारी की थी, जो दूसरे स्थान पर है।