download
download

पेरिस ओलिंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय हॉकी टीम अपने देश लौट चुकी है। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया जा रहा है। इस दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ी ढोल-नगाड़ों पर डांस करते दिखे।

भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम इंडिया ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में स्पेन को 2-1 से हराया था। दोनों गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किए थे। वे 10 गोल के साथ टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी रहें।

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा, “पदक तो पदक होता है और देश के लिए इसे जीतना बड़ी बात है। हमने फाइनल में पहुंचने और स्वर्ण जीतने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से हमारा सपना पूरा नहीं हुआ। लेकिन, हम खाली हाथ नहीं लौटे हैं, लगातार पदक जीतना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। हमें जो प्यार मिला है, वह बहुत बड़ी बात है।

उन्होंने आगे कहा, यह उनके (पीआर श्रीजेश) लिए एक भावुक क्षण था क्योंकि वह अपना आखिरी मैच खेल रहे थे। वे रिटायर हो चुके हैं, लेकिन वह हमारे साथ रहेंगे। मैं भारत सरकार, SAI और ओडिशा सरकार को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हमें जो प्यार मिल रहा है, वह हमारी जिम्मेदारी को दोगुना कर देता है, हम जब भी खेलेंगे, देश के लिए पदक लाने की कोशिश करेंगे।”

हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी भोला नाथ सिंह ने कहा, वे (पीआर श्रीजेश) ओलिंपिक के क्लोजिंग सेरेमनी में ध्वजवाहक बनने के हकदार थे। भारत सरकार और भारतीय ओलिंपिक समिति ने उन्हें यह मौका दिया, हॉकी इंडिया उन्हें धन्यवाद देती है।

यह एक शानदार जीत थी, लगातार पदक जीतना एक बड़ी उपलब्धि है। लेकिन, हमारा लक्ष्य फाइनल खेलना था, रेफरी द्वारा अमित रोहिदास को बाहर बैठाने की गलती हमें भारी पड़ी और इसलिए हम यहां ब्रॉन्ज मेडल के साथ हैं, अन्यथा पदक का रंग बदल गया होता।”

ओलिंपिक में हॉकी का 13वां मेडल जीता
भारतीय टीम ने ओलिंपिक गेम्स में हॉकी में 13वां मेडल जीता है। यह टीम का चौथा ब्रॉन्ज मेडल है। इससे पहले टीम 8 गोल्ड और एक सिल्वर जीत चुकी है।

52 साल बाद लगातार दो ओलिंपिक में हॉकी मेडल
भारत ने 52 साल बाद लगातार दो ओलिंपिक गेम्स में हॉकी का ब्रॉन्ज जीता है। इससे पहले भारतीय हॉकी टीम ने 1968 और 1972 के ओलिंपिक में लगातार दो मेडल जीते थे