इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मैनचेस्टर में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन श्रीलंका ने 236 रन बनाए थे। दूसरे दिन बारिश के कारण कम ओवरों का खेल हो सका, लेकिन इंग्लैंड ने 6 विकेट खोकर 259 रन बना लिए। इसी के साथ टीम 23 रन से आगे हो गई।
इंग्लैंड से जैमी स्मिथ 72 रन बनाकर नॉटआउट रहे। उनके साथ गस एटकिंसन भी नॉटआउट रहे। तीसरे दिन का खेल भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।
बारिश के कारण देर से शुरू हुआ खेल
पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने बगैर नुकसान के 22 रन बना लिए थे। दूसरे दिन बारिश के कारण पहले सेशन का खेल ही नहीं हो सका। बेन डकेट 13 और डेन लॉरेंस 9 रन के स्कोर पर नॉटआउट रहे।
दूसरे सेशन में इंग्लैंड ने गंवाए विकेट
बारिश बंद होने के बाद दूसरे सेशन में खेल शुरू हो सका। असिथा फर्नांडो और विश्वा फर्नांडो ने कसी हुई गेंदबाजी की इंग्लैंड को 67 रन के स्कोर तक ही 3 झटके दे दिए। यहां से जो रूट और हैरी ब्रूक ने पारी संभाली। दोनों ने फिफ्टी पार्टनरशिप की और टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया।
रूट तेजी से खेल रहे थे, तभी असिथा फर्नांडो ने उन्हें विकेटकीपर दिनेश चांदीमल के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 57 बॉल पर 42 रन बनाए।