नई दिल्ली, पंजाब किंग्स के प्रियांश आर्या (24) IPL की मेगा ऑक्शन 2024 में मिली राशि से अपने माता-पिता को दिल्ली में घर गिफ्ट करने जा रहे हैं। उनके माता-पिता सरकारी मकान में रहते हैं। दिल्ली में उनके पास अपना मकान नहीं है। यह जानकारी प्रियांश के कोच संजय भारद्वाज ने दी, जो भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर के कोच रहे हैं। प्रियांश को पंजाब ने 3 करोड़ 80 लाख रुपए में खरीदा था।
24 साल के प्रियांश ने 25 मार्च को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ IPL डेब्यू किया। इससे पहले पिता ने उन्हें ‘बेस्ट ऑफ लक’ कहा। कोच ने कहा था- ‘गेम पर फोकस करना, अटैकिंग खेलना है।’
2023 ऑक्शन में नहीं बिके, तो 2 दिन तक उदास रहे, फिर सुधार में जुट गए
प्रियांश आर्या 2023 की नीलामी में अनसोल्ड रहे थे। उन्हें 30 लाख की बेस प्राइज पर भी किसी ने नहीं खरीदा। प्रियांश के पिता पवन कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि 2023 में प्रियांश को उम्मीद थी कि उन्हें कम से कम बेस प्राइज पर कोई न कोई फ्रेंचाइजी जरूर खरीद लेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रियांश उस समय उदास हुआ। 2 दिनों तक उदास रहा। फिर तैयारियों में जुट गया।
उसे इतना उदास 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में सिलेक्शन न होने पर देखा था। वे दिल्ली के इकलौते खिलाड़ी थे, जो संभावितों की सूची में शामिल थे, पर सिलेक्शन नहीं हुआ।
उसकी खासियत है कि अगर उनका सिलेक्शन नहीं होता है, तो वह एक दो दिन उदास रहते हैं और फिर दोगुनी मेहनत से प्रैक्टिस में जुट जाते हैं। वे सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक प्रैक्टिस करते थे। चाहे सर के साथ ग्राउंड पर रहते थे या जिम में जाते थे।