Untitled 2 copy 5
Untitled 2 copy 5

पेरिस ओलिंपिक की डबल मेडलिस्ट मनु भाकर बुधवार सुबह भारत लौट आईं। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से बाहर आते ही माता-पिता ने गले लगाकर उनका माथा चूम लिया। मनु के साथ उनके कोच जसपाल राणा का भी जोरदार स्वागत हुआ।

हरियाणा के झज्जर की रहने वाली मनु ने विमेंस इंडिविजुअल 10 मीटर एयर पिस्टल में और मिक्स्ड इवेंट में सरबजोत सिंह के साथ मिलकर ब्रॉन्ज जीते थे। वे एक ही ओलिंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं। देश लौटने पर मनु ने कहा ‘मैं बेहद खुश हूं कि इतना प्यार मिल रहा है।’

10 मीटर एयर पिस्टल के 2 इवेंट्स में ब्रॉन्ज जीते
पेरिस ओलिंपिक के दूसरे ही दिन भारतीय शूटर मनु भाकर ने भारत को ब्रॉन्ज दिलाया था। उन्होंने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में 221.7 पॉइंट्स के साथ मेडल जीता। ओलिंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल दिलाने वाली मनु पहली भारतीय महिला हैं।

मनु ने अपना दूसरा मेडल अंबाला शूटर सरबजोत के साथ ने 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट का ब्रॉन्ज जीत लिया। दोनों की जोड़ी ने कोरियाई टीम को 16-10 से हराया। मनु एक ओलिंपिक में दो मेडल जीतने पहली भारतीय बनीं।

भारत को शूटिंग, रेसलिंग में मेडल, हॉकी में उम्मीद
पेरिस ओलिंपिक में मनु और सरबजोत सिंह के अलावा स्वप्निल कुसाले ने भी शूटिंग में ब्रॉन्ज जीता है। कुसाले ने 1 अगस्त को 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन की मेंस कैटेगरी में ब्रॉन्ज जीता था। स्वप्निल ने कुल 451.4 अंक हासिल किए। इस बार के ओलिंपिक में अब तक तीनों मेडल शूटिंग इवेंट्स में ही मिले हैं।

भारत का चौथा मैडल भारतीय रेसलर विनेश फोगाट ने मंगलवार को पक्का कर दिया। उन्होंने 50kg के सेमीफाइनल मुकाबले में क्यूबा की रेसलर को 5-0 से हराया। उनका फाइनल मुकाबला टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट रहीं अमेरिका की सारा एन हिल्डरब्रांट से होगा। यह मुकाबला बुधवार रात 9.45 बजे होना है।