पेरिस ओलिंपिक के 11वें दिन भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। नीरज मंगलवार को जेवलिन थ्रो के क्वालिफाइंग राउंड में उतरे। उन्होंने अपने पहला ही थ्रो 89.34 मीटर का फेंका। यह नीरज का सीजन बेस्ट थ्रो था।
नीरज के प्रतिद्वंद्वी ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.63 मीटर और पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 86.59 मीटर का थ्रो फेंककर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।
भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट भी 50kg के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान की ओलिंपिक और वर्ल्ड चैंपियन युई सुसाकी को 3-2 से हराया। सुसाकी चार बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं और टोक्यो ओलिंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट हैं।
भारत-जर्मनी हॉकी सेमीफाइनल आज 10:30 बजे से
पेरिस ओलिंपिक में भारत और जर्मनी के बीच मेंस हॉकी का पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। यह मैच रात 10:30 से शुरू होगा। भारतीय टीम जीती तो 44 साल बाद ओलिंपिक हॉकी के फाइनल में पहुंचेगी। इंडिया ने आखिरी फाइनल 1980 के मास्को ओलिंपिक में खेला था।