l78420250120121832
l78420250120121832

नई दिल्ली, अंडर-19 विमेंस वर्ल्ड कप के तीसरे दिन बड़ा उलटफेर देखने को मिला। अफ्रीकी देश नाइजीरिया ने टेस्ट प्लेइंग नेशन न्यूजीलैंड को 2 रन से ग्रुप स्टेज का मैच हरा दिया। बारिश के कारण 13-13 ओवर का मैच खेला गया। नाइजीरिया ने 65 रन बनाए, जवाब में व्हाइटफर्न्स टीम 63 रन ही बना पाई।

मलेशिया में 18 जनवरी से टूर्नामेंट शुरू हुआ। सोमवार को वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज के 6 मैच खेले गए। कुचिंग में न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा। वहीं दिन के अन्य मुकाबले में समोआ की टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ 16 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

नाइजीरिया से 2 ही बैटर्स ने 10+ रन बनाए कुचिंग के स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। बारिश के कारण मुकाबला 13-13 ओवर का किया गया। नाइजीरिया की बैटिंग बेहद खराब रही और टीम 6 विकेट खोकर 65 रन ही बना सकी। टीम से लिलियन उदेह ने 18 और कप्तान लकी पीटी ने 19 रन बनाए।

नाइजीरिया से 6 बैटर्स 10 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। न्यूजीलैंड से अनिका तौव्हेयर, हैना ओ’कोनोर, अनिका टोड, ताश वेकलिन और हैना फ्रांसिस ने 1-1 विकेट लिया। एक बैटर रनआउट भी हुईं। न्यूजीलैंड टीम ने वाइड से 6 रन दिए।

न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में 2 विकेट गंवाए 66 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड विमेंस की शुरुआत खराब रही। एमा मैक्लिओड 3 और कैट इरविन खाता खोले बगैर आउट हो गईं। टीम ने 7 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए। यहां से इव वोलैंड ने 14 और अनिका टोड ने 19 रन बनाकर टीम का स्कोर 50 के करीब पहुंचाया।

कप्तान ताश वेकलिन एक एंड पर टिक गईं। वे टीम को जीत की ओर ले जाने लगीं, लेकिन उनके सामने डार्सी प्रसाद खाता खोले बगैर आउट हो गईं। उन्हें फिर अयान लम्बाट का साथ मिला, जिन्होंने 7 गेंद पर 6 रन बनाए।

आखिरी ओवर में 9 रन नहीं बना सके न्यूजीलैंड को जीतने के लिए आखिरी ओवर में 9 रन की जरूरत थी। कप्तान ताश वेकलिन 18 रन बनाकर खेल रही थीं। शुरुआती 4 गेंदों पर 4 सिंगल आए, जबकि 5वीं गेंद डॉट हो गई। अब आखिरी बॉल पर 5 रन चाहिए थे, लम्बाट ने बड़ा शॉट खेला और रन लेने के लिए दौड़ पड़ीं। दोनों प्लेयर्स 2 ही रन दौड़ पाईं और तीसरा रन लेने की कोशिश में रनआउट हो गईं।

न्यूजीलैंड टीम ओवर खत्म होने के बाद 6 विकेट खोकर 63 रन ही बना सकी। नाइजीरिया ने महज 1 वाइड फेंकी, जो न्यूजीलैंड के मुकाबले 5 कम रही। न्यूजीलैंड के एक्स्ट्रा रन ने ही नाइजीरिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।