पेरिस ओलिंपिक-2024 का आगाज हो चुका है। शुक्रवार रात सीन नदी की लहरों पर गेम्स की ऐतिहासिक ओपनिंग सेरेमनी हुई। पहली बार इन खेलों की ओपनिंग सेरेमनी किसी स्टेडियम के बाहर रखी गई।
चार घंटे चली सेरेमनी में पॉप स्टार लेडी गागा, आया नाकामुका जैसे सुपर स्टार्स ने परफॉर्म किया। बारिश ने इन परफॉर्मेंस में चार-चांद लगाया। साथ ही ओलिंपिक मशाल लिए एक मिस्टीरियस मैन आकर्षण का केंद्र रहा।
6 KM लंबी परेड ऑफ नेशंस में 206 देशों के 6500 से ज्यादा के एथलीट्स ने 94 बोट पर सवार होकर हिस्सा लिया। सबसे पहले ग्रीस का दल आया, क्योंकि इसी देश में मॉर्डन ओलिंपिक गेम्स की शुरुआत हुई थी। दूसरे नंबर पर रिफ्यूजी टीम आई। भारतीय दल 84वें नंबर पर आया। इसमें पीवी सिंधु और अचंता शरत कमल तिरंगा थामे नजर आए। सबसे अंत में मेजबान फ्रांस का दल आया।
रात 2:25 बजे खिलाड़ियों की शपथ के बाद फ्रांस की संस्कृति के प्रतीक एफिल टॉवर पर लेजर लाइट शो हुआ। ओलिंपिक मशाल फ्रांस के दिग्गज खिलाड़ियों से होते हुए आगे बढ़ी, जो फ्रांस के लीजेंड जिनेदिन जिदान, टेनिस दिग्गज राफेल नडाल, धावक एथलीट कार्ल लुईस से फ्रांस के ओल्डेस्ट लिविंग ओलिंपिक चैंपियन 100 साल के साइकिल चालक चार्ल्स कॉस्टे के पास पहुंची। फिर सेलीन डियोन की सुरीली आवाज के साथ हॉट बलून ने उड़ान भरी। इसी के साथ पेरिस ने 100 साल बाद ओलिंपिक खेलों का अद्भुत स्वागत किया।