AP24235200424362 2024 08 e3afd0a16169ebb69d2c973b2c4c7d5f
AP24235200424362 2024 08 e3afd0a16169ebb69d2c973b2c4c7d5f

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच रावलपिंडी में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। गुरुवार को मुकाबले के दूसरे दिन पाकिस्तान ने 448/6 के स्कोर पर अपनी पहली पारी डिक्लेयर की। टीम से सऊद शकील और मोहम्मद रिजवान ने सेंचुरी लगाई। बांग्लादेश ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पारी शुरू कर दी। टीम ने 12 ओवर में बगैर नुकसान के 27 रन बना लिए।

शकील-रिजवान ने आगे बढ़ाई पारी
पाकिस्तान ने पहले दिन 158/4 के स्कोर पर अपनी पारी खत्म की थी। शकील 57 और रिजवान 24 रन बनाकर नॉटआउट थे। दोनों ने पारी आगे बढ़ाई और पाकिस्तान को 200 के पार पहुंचा दिया। पहले सेशन में टीम ने कोई विकेट नहीं गंवाया और 256 रन बना दिए। रिजवान 89 और शकील 86 रन बनाकर नॉटआउट रहे।

दूसरे सेशन में दोनों के शतक
सेकेंड सेशन में रिजवान और शकील दोनों ने सेंचुरी जड़ दीं। दोनों यहीं नहीं रुके और टीम का स्कोर 350 के पार भी पहुंचा दिया। शकील 141 रन बनाकर आउट हुए और उनकी रिजवान के साथ 240 रन की पार्टनरशिप टूट गई। शकील को मेहदी हसन मिराज ने पवेलियन भेजा।

तीसरे सेशन में पाकिस्तान ने डिक्लेयर की पारी
तीसरे सेशन में 14 ओवर का खेल बाकी था, तभी पाकिस्तान ने पारी डिक्लेयर कर दी। टीम का स्कोर 448/6 रहा। रिजवान 171 रन बनाकर नॉटआउट रहे, उनके साथ शाहीन अफरीदी 29 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। सलमान अली आगा 19 रन बनाकर शाकिब अल हसन का शिकार हुए।