इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें सीजन में RCB को लगातार चौथी हार मिली। मुंबई इंडियंस (MI) ने 197 रन का टारगेट 15.3 ओवर में हासिल कर लिया। टीम ने चौथी बार 190 से ज्यादा का टारगेट 17 ओवर से पहले हासिल किया, MI ऐसा करने वाली पहली ही टीम बनी।
मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने महज 21 रन देकर 5 विकेट लिए। वह RCB के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले पहले बॉलर बने। RCB के ग्लेन मैक्सवेल खाता भी नहीं खोल सके, वह IPL में सबसे ज्यादा 17 बार जीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ी बने।जसप्रीत बुमराह ने IPL में चौथी बार पारी में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए। इस मामले में भी वह MI के पहले ही बॉलर बने। ओवरऑल 4 भारतीय प्लेयर्स ऐसा कर चुके हैं। बुमराह के अलावा लक्ष्मीपति बालाजी, मोहित शर्मा और भुवनेश्वर कुमार ने ऐसा 4-4 बार किया है।
जसप्रीत बुमराह ने IPL में दूसरी बार पारी में 5 विकेट लिए। इससे पहले उन्होंने 2022 में कोलकाता के खिलाफ महज 10 रन देकर 5 विकेट ले लिए थे। बुमराह IPL में 2 बार 5+ विकेट लेने वाले MI के पहले ही बॉलर बने। ओवरऑल वह IPL में ऐसा करने वाले चौथे प्लेयर बने। उनसे पहले जेम्स फॉकनर, जयदेव उनादकट और भुवनेश्वर कुमार ऐसा कर चुके हैं।